भाजपा जुटी 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में |

नई दिल्ली – सूत्रों के अनुसार , 2019 लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी है| इसे लेकर नेताओं व कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें हो रही हैं। वहीं, 23 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में पूर्वाचल महाकुंभ का आयोजन करके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। इसके बाद एक महीने के भीतर बीजेपी दिल्ली में दो और रैली आयोजित करेगी। इसके जरिये वह कार्यकर्ताओं में जोश भरना चाहती है, ताकि लोकसभा चुनाव में जीत की राह आसान हो सके। जानकारी के मुताबिक ,दिल्ली में बीजेपी एक फिर से 2014 लोकसभा चुनाव की जीत दोहराना चाहती है। यहां की सभी सातों सीटों पर एक बार फिर से भगवा परचम लहराए, इसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। पार्टी अपने परंपरागत वोट बैंक को बनाए रखने के साथ ही नए लोगों को साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। उसकी नजर दिल्ली की चुनावी सियासत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूरबिया मतदाताओं पर है। बताया जा रहा है पार्टी कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के समर्थक माने जाने वाले पूर्वाचल के लोगों को अपने साथ जोड़ रही है। उसे उम्मीद है कि प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी को दिल्ली प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने से बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ा है। इसे और मजबूत किए जाने की जरूरत है। इसलिए पार्टी रामलीला मैदान से दिल्ली में चुनाव प्रचार का आगाज पूर्वाचल महाकुंभ से करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *